फतेहाबाद: पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं राष्ट्रीय सामाजिक विकास समिति की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती नेहा मित्तल की अध्यक्षता में अनाजमंडी स्थित उनके निवास स्थान पर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य श्रीमति संगीता सिंघल उपस्थित हुई। बैठक में पहुंचने पर श्रीमती नेहा मित्तल व प्रो. सन्ध्या अग्रवाल ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती संगीता सिंघल ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हुई हैं तथा नारी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने महिलाओं को बताया कि वे स्वरोजगार स्थापित कर कैसे ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर बन सकती हैं और सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं, उनका लाभ कैसे उठा सकती हैं। इस बैठक में श्रीमती सिंघल ने जीईएम पोर्टल के बारे भी विस्तार से बताया कि कैसे महिलाएं इस पोर्टल पर अपने व्यवसाय को रजिस्टर करके अपने जीवन का स्तर ऊंचा कर सकती हैं। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती नेहा मित्तल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में महिलाओं के हित मे अनेक कार्य व योजनाएं जैसे जन धन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में लिंग अनुपात मे काफी बढ़ोतरी हुई तथा इस सरकार मे महिलाओ बहुत ही मान सम्मान मिल रहा है और आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। बैठक में संकल्प स्वरोजगार केन्द्र ट्रस्ट की अध्यक्षा प्रो. सन्ध्या अग्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए जो पोर्टल चलाया गया है, उसका लाभ जमीनी स्तर पर महिलाओं तक पहुंचाने की पूर्ण कोशिश करेंगे। इस मौके पर मंजूला मंगल, ललिता शर्मा सहित अनेक महिलाएं मौजूद थीं।