वारदात : लखनऊ में तड़तड़ाई गोली, मुख्तार का खास ढ़ेर

0
212

लखनऊ। लखनऊ में कृष्णानगर के विजयनगर में रविवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने जेल में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के गुर्गे व ठेकेदार महेंद्र प्रताप जायसवाल के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले। डीसीपी सेंट्रल डा. ख्याति गर्ग और इंस्पेक्टर कृष्णानगर आलोक राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। महेंद्र मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था। इसके अलावा उसके पास लखनऊ में सआदतगंज और काकोरी के पते के दो आधार कार्ड मिले हैं। महेंद्र मुख्तार की गाड़ी चलाता था। पुलिस को मौके से एक खोखा, दो कारतूस, ठेेकेदार की बाइक, पर्स और मोबाइल फोन मिला। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायरिंग की। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इसके साथ ही हत्या में ठेकेदारी, लेन-देन, रंजिश समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। विजयनगर में अनिल शुक्ला का मकान है। उन्होंने कुछ दिन पहले असलम नाम के ठेकेदार को मकान तोड़वाने का ठेका दिया था। इंस्पेक्टर कृष्णानगर के मुताबिक महेंद्र हरदोई रोड पर बसंतकुंज योजना के पीरनगर के रहने वाले थे। रविवार शाम करीब 5:30 बजे असलम के साथी ठेकेदार महेंद्र मकान तोड़वा रहे थे। साइट पर मजदूर भी लगे थे। महेंद्र देखरेख कर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने महेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और भाग निकले। सिर में गोली लगने से महेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी महेंद्र के परिवारजन को दी। पुलिस अनिल से पूछताछ कर रही है। वहीं, बदमाश घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे एक सीसी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डीसीपी डा. ख्याति गर्ग ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में सर्विलांस और क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें लगाई गई हैं। कृष्णानगर कोतवाली से पांच सौ मीटर दूर ठेकेदार की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में दहशत है। घटना के बाद आस-पड़ोस में रहने वाले लोग भी घरों के अंदर चले गए। मुहल्ले में सन्नाटा पसर गया। पुलिस महेंद्र के मोबाइल फोन की काल डिटेल की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी महेंद्र के परिवारजन को दी। सूचना के चार घंटे बाद भी घर का कोई सदस्य पुलिस के पास नहीं पहुंचा। परिवार वाले महेंद्र की मौत के संबंध में बात करने से कतराते रहे। महेंद्र घरवालों से अलग रहते थे। पुलिस को आशंका है कि महेंद्र के परिवार में भी कुछ विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि महेंद्र की दो पत्नियां हैं। एक सआदतगंज में रहती है और दूसरी गाजीपुर में रहती है। सीसी कैमरे में दो बदमाश बाइक पर बैठे दिख रहे हैं। बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहना है और नीले रंग की जींस की जैकेट व पीली पैंट पहने है। वहीं, पीछे बैठे बदमाश ने गाजरी रंग की जैकेट पहन रखी है। जैकेट की टोपी उसने लगा रखी है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here