सिंह हॉस्पिटल बना ऐयासी का अड्डा !

0
212

गाजीपुर। सदर कोतवाली के जमानिया मोड़ के पास स्थित सिंह लाइफ केयर हास्पिटल के एक कर्मचारी की गलत हरकत को लेकर एक बार फिर से अस्पताल सुर्खियों में आ गया। बीते दिनों अस्पताल में भर्ती एक महिला के परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारी द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शनिवार की सुबह हो-हल्ला करते हुए गाजीपुर-मऊ मार्ग को जाम कर दिया। अस्पताल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लगभग दो घंटा बाद जाम समाप्त कराया।

सुबह करीब नौ बजे सैकड़ों लोग हो-हल्ला करते हुए गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर बिलैचिया मोड़ के पास पहुंचे और सड़क को जाम कर नारेबाजी करने लगे। जाम होते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। जाम कर रहे लोगों का आरोप था कि दो दिन पूर्व सिंह लाइफ केयर हास्पिटल में भर्ती एक महिला के साथ अस्पताल के कर्मचारी ने छेड़खानी की है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जाम की जानकारी होते ही सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह, एडीएम राजेश सिंह, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर सीओ ओजस्वी चावला, सदर कोतवाल विमल मिश्रा के साथ ही जंगीपुर, बिरनो और करंडा पुलिस मौके पर पहुंच गई।

अधिकारियों ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग दो घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। पीड़ित महिला के परिवार वालों का आरोप था कि महिला को सांस लेने में दिक्कत होने पर जमानिया मोड़ के पास स्थित सिंह लाइफ केयर हास्पिटल में ले गए थे। जहां चिकित्सकों उसे आईसीयू में भर्ती किया था। 26 मार्च की शाम हास्पिटल से छुट्टी होने पर महिला को घर लाया गया। महिला ने परिजनों से बताया कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने वार्ड में उसके साथ छेड़खानी की है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर रात में ही सदर सीओ ओजस्वी चावला को अस्पताल भेजा गया था।

उन्होंने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा, लेकिन उसमें बहुत स्पष्ट रूप से कोई चीज नहीं दिखाई दी। फिर भी पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि चक्का जाम कर लोगों ने धारा-144 का उल्लंघन किया है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सदर कोतवाल विमल मिश्रा ने कहा कि पीड़ित महिला की तहरीर पर कर्मचारी और संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। आपको बता दें कि सिंह लाइफ केयर अस्पताल इससे पहले भी अपनी हरकतों से सुर्खियों में रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here